हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन की भट्ठा कॉलोनी स्थित एक घर में रात के समय हुए सगाई कार्यक्रम की खुशी में गली में लगे डीजे स्टेज पर डांस कर रही लड़कियों के साथ शराब के नशे में मदहोश आवारा प्रवृत्ति के कुछ युवक नाचने लगे। लड़कियों के साथ नाचने से मना किया तो यह युवक नाराज हो गए और परिवार पर हमला कर दिया। गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। मारपीट के दौरान चोट लगने से एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में जंक्शन पुलिस थाने में तीन नामजद और आठ अन्य युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार सीमा (40) पत्नी सतपाल सिकलीगर निवासी वार्ड 12, भट्ठा कॉलोनी, जंक्शन ने अपने जीजा रिछपाल (42) पुत्र इन्द्रसिंह सिकलीगर निवासी वार्ड 35, टिब्बी रोड, सिकलीगर मोहल्ला, टाउन के साथ थाना पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 जून को उसके लड़के जसविन्द्र सिंह उर्फ सुखविन्द्र और बेटी वर्षा की सगाई का प्रोगाम था। रात को घर के आगे गली में डीजे पर वर्षा और रेणु डांस कर रहे थे। तभी रात 10.45 बजे कार्तिक, अमन पुत्र राकेश, कालिया पुत्र किस्तु वाल्मीकि और 8 अन्य लड़के निवासी भट्ठा कॉलोनी, जंक्शन आए। जो शराब के नशे में मदहोश थे। ये सभी आते ही वर्षा और रेणु के साथ डीजे स्टेज पर डांस करने लगे।
उसके लड़के जसविन्द्र सिंह उर्फ सुखविन्द्र सिंह और उसने इन लोगों को डांस करने से मना किया और कहा कि वे लड़कियों के साथ क्यों नाच रहे हैं। इतना कहते ही सभी गुस्सा हो गए और कहा कि वे उन्हें रोकने वाले कौन होते हैं। यह कहते हुए गाली-गलौज करने लगे। इतने में ही कार्तिक ने ईंट उठाकर उसके लड़के जसविन्द्र के सिर में मारी। इससे उसका लड़का नीचे गिर गया। उसने बीच-बचाव किया तो कार्तिक ने उसके साथ भी मारपीट की। फिर सभी ने उसकी देवरानी अनीता पत्नी जस्सा और देवर जस्सा के साथ भी मारपीट की। इतने में गली में शोर-शराबा सुनकर लोग इकट्ठे हो गए। उसके पड़ोसी भोमली, काली, रमेश, रोहित आदि लोग आ गए। इन्होंने बीच-बचाव कर उक्त लड़कों से उन्हें छुड़वाया। बाद में थोड़ी देर बाद सूचना करने पर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने अनीता और जसविन्द्र सिंह उर्फ सुखविन्द्र सिंह को इलाज के लिए टाउन के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। रविवार को उसके लड़के जसविन्द्र सिंह उर्फ सुखविन्द्र सिंह की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। उसे डॉक्टरों ने बीकानेर रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच एएसआई कालूराम को सौंपी है।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan