Explore

Search

July 21, 2026 7:43 pm


माता बांक्यारानी मंदिर निर्माण में बाधा का आरोप

Picture of Pankaj Garg

Pankaj Garg

सच्ची निष्पक्ष सटीक व निडर खबरों के लिए हमेशा प्रयासरत नमस्ते राजस्थान

बिजौलिया, बलवंत जैन। कस्बे की देवडूंगरी भीलपुरिया की धाटी स्थित सार्वजनिक धार्मिक स्थल को लेकर उपजे विवाद के बीच मंगलवार को सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने उपखंड अधिकारी स्वाति झा को ज्ञापन सौंपा है। धार्मिक स्थल पर कथित अतिक्रमण और कब्जे के प्रयासों को रोकने, भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा माता बांक्या रानी मंदिर निर्माण में उत्पन्न की जा रही बाधाओं को दूर करने की मांग की गई। विरोध स्वरूप आज कस्बे के समस्त प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखे गए। हजारों महिला पुरुष नारे लगाते हुए पालिका चौक से एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां विरोध प्रदर्शन किया गया।

सर्व समाज की आस्था का केंद्र

ज्ञापन में बताया गया कि देवडूंगरी भीलपुरिया की धाटी स्थित धार्मिक स्थल प्राचीनकाल से सर्व समाज की आस्था का केंद्र रहा है। यहां भगवान श्री देवनारायण मंदिर, श्री हनुमानजी मंदिर, अन्य देवी-देवताओं के चबूतरे तथा माता बांक्या रानी का स्थान स्थित है। इन सभी धार्मिक स्थलों का निर्माण, विकास और जीर्णोद्धार समय-समय पर सर्व समाज के सहयोग से किया गया है। इसलिए यह स्थल किसी एक व्यक्ति, परिवार अथवा वर्ग विशेष का नहीं, बल्कि सर्व समाज का सार्वजनिक धार्मिक स्थल है।

राजपरिवार द्वारा पुजारी की नियुक्ति का दिया हवाला

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि भगवान श्री देवनारायण मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना के लिए तत्कालीन राजपरिवार द्वारा सुर्तनिया परिवार को सेवायत पुजारी नियुक्त किया गया था। यह नियुक्ति केवल धार्मिक सेवाओं और पूजा-अर्चना तक सीमित थी तथा इससे मंदिर या सार्वजनिक भूमि पर किसी प्रकार का स्वामित्व अथवा कब्जे का अधिकार प्राप्त नहीं होता।

कब्जे के प्रयास का लगाया आरोप

सर्व समाज ने आरोप लगाया कि वर्तमान में कुछ लोग सामूहिक विवाह सम्मेलन के नाम का सहारा लेकर सार्वजनिक धार्मिक स्थल और उससे संबंधित भूमि पर निजी अधिकार स्थापित करने तथा कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही माता बांक्या रानी मंदिर के निर्माण में भी अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं। निर्माण नियमों के अनुरूप है, तो उसमें बाधा डालना सर्व समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है तथा भविष्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

प्रशासन से की ये प्रमुख मांगें

सर्व समाज ने उपखंड अधिकारी से सार्वजनिक धार्मिक स्थल का राजस्व अभिलेखों के आधार पर निष्पक्ष सीमांकन कराने, यदि किसी व्यक्ति, संस्था या वर्ग विशेष द्वारा सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण अथवा कब्जे का प्रयास किया जा रहा हो तो उसे तत्काल हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
इसके अलावा भगवान श्री देवनारायण मंदिर, श्री हनुमानजी मंदिर, अन्य धार्मिक चबूतरों तथा माता बांक्या रानी के स्थान की सुरक्षा सुनिश्चित करने, माता बांक्या रानी मंदिर निर्माण विवाद की निष्पक्ष जांच कर नियमों के अनुरूप होने पर निर्माण में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे, निर्माण या शांति भंग की स्थिति रोकने के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं वैधानिक कदम उठाने की भी मांग की गई।

शीघ्र कार्रवाई की मांग

सर्व समाज ने प्रशासन से न्यायहित, जनहित और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए मामले में निष्पक्ष जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
रैली के दौरान पुलिस का भारी लवाजमा मौजूद रहा वहीं धार्मिक स्थल देव डूंगरी पर भी पुलिस की तैनाती देखने को मिली।

Author: AKSHAY OJHA

namasterajsthan

Ads
Live
Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर