उन्हेल (बलवंत जैन) झालावाड़ जिले के उन्हेल के विश्व प्रसिद्ध नागेश्वर जैन तीर्थ में इस वर्ष का चातुर्मास 24 जुलाई कल से आरंभ होने जा रहा है। यह चातुर्मास साध्वी राजरत्नश्रीजी म. सा. जिनकीर्तिश्रीजी म.सा. और देशनाकीर्ति म.सा. आदि ठाणा की पावन मिश्रा में आयोजित किया जाएगा। नागेश्वर तीर्थ पेढ़ी कमेटी के अनुसार चार महीने के दौरान मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम और प्रवचन आयोजित होंगे। साध्वी मंडल का मंगल प्रवेश 24 जुलाई शुक्रवार को आलोट रोड स्थित गौशाला से होगा। इस दौरान साध्वी मंडल की निश्रा में बैंड बाजों के साथ नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। नगर में प्रमुख स्थानों पर चावल की गंवली कर साध्वी मंडल का भव्य अभिनंदन किया जाएगा। मंगल प्रवेश के बाद आराधना भवन में श्रद्धालुओं और आराधकों की उपस्थिति में साध्वी श्री के मांगलिक प्रवचन होंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर 12:00 बजे आगंतुक श्रद्धालुओं के लिए साधर्मिक भक्ति का आयोजन होगा। इसके बाद 12:39 पर श्री पार्श्वनाथ पंचकल्याणक महापूजन किया जाएगा। संध्याकाल में भगवान की भव्य अंगरचना और रात्रि भक्ति का कार्यक्रम आयोजित होगा। 24 जुलाई से शुरू होने वाले इस चातुर्मास में प्रतिदिन प्रवचन, धार्मिक आराधना और अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ट्रस्ट सचिव धर्मचंद जैन ने बताया कि चातुर्मास के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आराधक पहुंचेंगे। जैन ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan


