हनुमानगढ़। जिले में एक विधवा मां ने जिला कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है। महिला के सात वर्षीय बेटे नैतिक को बिजली के करंट से गंभीर चोटें आई थीं। महिला ने बिजली निगम के खिलाफ कार्रवाई और आर्थिक मदद की मांग की है। सरेशिया के वार्ड 56 निवासी सोनू ने बताया कि 18 अगस्त 2024 की सुबह करीब 8 बजे वह छत पर लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान उनका बेटा नैतिक भी छत पर आ गया। मकान के छज्जे के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन ढीली होकर नीचे झूल रही थी। नैतिक इन तारों की चपेट में आ गया। हादसे में बच्चे का बायां हाथ और दोनों टांगें बुरी तरह जल गईं। उसे बीकानेर और जयपुर में इलाज के लिए ले जाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों को उसका बायां हाथ काटना पड़ा।
सोनू ने सुरेशिया पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक को भी प्रार्थना पत्र भेजा, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। विधवा महिला ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वह आर्थिक रूप से कमजोर है और इलाज में काफी खर्च हो चुका है। उन्होंने बिजली निगम के खिलाफ कार्रवाई और आर्थिक मदद की मांग की है।