धौलपुर। जिले के निहालगंज थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ लूट की वारदात सामने आई है। घटना बुधवार देर रात करीब 1 बजे की है। खोसला विहार कॉलोनी निवासी पुष्पा देवी अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने घर में रखा पुष्पा देवी का मोबाइल फोन, दो सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल और 20 हजार रुपए नकद चुरा लिए। जब बदमाश सामान के बक्से को उठा रहे थे, तब आवाज सुनकर पुष्पा देवी जाग गईं।
पीड़िता ने जब बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पुष्पा देवी के सिर के आगे की तरफ चोट आई। पीड़िता के चिल्लाने पर उनके पिता और बच्चे जाग गए। इसके बाद दोनों बदमाश छत से कूदकर फरार हो गए। पीड़िता ने निहालगंज थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।