बिजौलिया, बलवंत जैन। तेज अंधड़ ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के बरामदे में पानी पी रहे युवक पर अंधड़ में उड़ती हुई आई लोहे की चद्दर गिर गई, गला चीरते हुए उसे लहूलुहान कर दिया जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना बिजौलिया के जाबदा गांव में गुरुवार रात 9 बजे के करीब की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार रात 9 बजे के करीब तेज आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, इसी बीच जाबदा निवासी देवीलाल रैगर (45) अपने घर में पानी पीने के लिए उठे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वे मटके के पास पहुंचकर पानी पीने लगे, उसी दौरान तेज अंधड़ के कारण घर के निकट स्थित गायों के बाड़े की लोहे की चद्दर उखड़कर तेज गति से उनकी ओर आ गई। चद्दर का नुकीला हिस्सा सीधे उनके गले पर लगा, जिससे गहरा घाव हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। हादसे के बाद परिजन गंभीर अवस्था में देवीलाल को तत्काल बिजौलिया चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस विषय में डॉक्टर अंसार खान का कहना है कि गले में घाव की वजह से पीड़ित कि मौत हो गई। शव मोर्च्यूरी में रखवाया है।
मृतक देवीलाल खदान क्षेत्र में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र में अचानक आए तेज अंधड़ के कारण कई स्थानों पर टीन शेड और लोहे की चद्दरें उखड़ गईं। कई पेड़ धाराशाही हो गए। तेजाजी चौक पर एक फल विक्रेता पर तेज अंधड़ से स्वयं की दुकान का लोहे का दरवाजा सिर पर लगने से उसे गंभीर हालत में हॉस्पिटल ले जाया गया।
पीड़ित छोगा लाल लुहार के टांके लगाकर उपचार किया गया। वहीं मालीपुरा पुलिया के निकट एक बड़ा पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया जिससे वहां ट्रैफिक जाम कि स्थिति हो गई। तेजाजी चौक, केसरगंज, शक्करगढ़ चौराहा पर भी कई पेड़ उखड़ गए। एक घंटे तक चले अंधड़ के साथ बारिश से क्षेत्र में काफी नुकसान पंहुचा है।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan



