जोधपुर। जिले में आर्मी जवान ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। पश्चिम बंगाल के रहने वाले जवान ने रविवार (23 मार्च) दोपहर को सर्विस रिवॉल्वर से सीने में फायर कर लिया। जानकारी के अनुसार गोली उनके सीने के आर-पार हो गई थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिवार को सौंपा गया। मुर्शिदाबाद के बादीपुर बेलगांडा के रहने वाले राकेश कुमार मंडल (35) नागतलाब आर्मी एरिया में पोस्टेड थे। उनकी ड्यूटी सुरक्षा पोस्ट पर थी। करवड़ थाने के सब इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार ने बताया कि राकेश कुमार आर्मी एरिया में ही रहते थे। रविवार दोपहर को उन्होंने अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से सुसाइड कर लिया। पुलिस को घटना की जानकारी रविवार शाम को मिली थी।
पुलिस के अनुसार सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली उनके सीने के आर-पार होने की जानकारी सामने आई है। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने सबूत भी जुटाए हैं। घटना के संबंध में सेना के सूबेदार की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है। नागतलाब आर्मी एरिया सेना का अति संवेदनशील क्षेत्र है। इस कारण पुलिस भी बिना परमिशन के एंट्री नहीं कर सकती। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आर्मी अधिकारियों की निगरानी में ही पूरी कार्रवाई की गई है।