बिजौलिया, बलवंत जैन। बिजौलिया उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुढ़ा अंतर्गत राजस्व ग्राम झालो का ढूंढा में स्थित बिलानाम भूमि पर अवैध खनन के विरुद्ध स्थानीय ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़ को उक्त भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाने और तत्काल प्रभाव से सीमाज्ञान करने की मांग की है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि बिलानाम भूमि खाता संख्या 1 पर दर्ज आराजी संख्या 23 और 24 के संपूर्ण रकबे के आसपास अवैध खनन की गतिविधिया की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध खननकर्ताओं ने जगह-जगह पर पत्थर डालकर खान तक आने-जाने के लिए रास्ते बना दिए हैं। साथ ही अवैध खनन करने वालो के द्वारा दावे किए जा रहे हैं कि यह संपूर्ण भूमि उनकी है। उक्त समस्या को लेकर ग्रामीणों के द्वारा सर्कल गिरदावर को भी कई बार सूचित किया गया। किंतु सर्कल गिरदावर ने मौके पर पहुंचकर अभी तक मौका मुआयना नहीं किया। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन करने वाले मनमर्जी से कार्य कर रहे हैं। साथी ही भील समाज के लोगों को मौके पर नहीं जाने के लिए डराया एवं धमकाया जा रहा है। लीज की आड़ में पशुओं के भरण पोषण के लिए आरक्षित बिलानाम भूमि में अवैध खनन कर उसे पूरी तरह से उजाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से उक्त बिलानाम भूमिका शीघ्र सीमांकन कराने एवं खननकर्ताओं को लीज सीमा में ही कार्य करने के निर्देश देने, अवैध रूप से डाले गए पत्थर व रास्तों को हटाने बिलानाम भूमि को खाली करवा कर अतिक्रमण मुक्त करवाने की मांग की। प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan



