बिजौलिया, बलवंत जैन। बिजौलिया उपखंड क्षेत्र के नया नगर गांव में अवैध खनन को लेकर आदिवासी भील समाज के ग्रामीण लामबद्ध होकर बिजौलिया तहसील कार्यालय पहुंचे। भील समाज के लोगों ने अवैध खनन पर रोष व्याप्त करते हुए तहसीलदार ललित डीडवानिया को शमशान भूमि पर हो रहे अवैध खनन को तुरंत रुकवाने को लेकर एवं संबंधित दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत नया नगर क्षेत्र में स्थित शमशान भूमि पर पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से खुदाई और पत्थर निकालने का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध खनन करने वालों ने वहां बनी पत्थर की दीवार को हटाकर पत्थरों के जोटे डाल दिए। इससे शमशान स्थल की पवित्रता और स्वरूप प्रभावित हो रहा है। भील समाज के लोगों का कहना है कि यह जगह गांव में शमशान भूमि के रूप में दर्ज है। इस जगह का उपयोग भील समाज के द्वारा अंतिम संस्कार के लिए किया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति के द्वारा अवैध खनन कर सार्वजनिक शमशान भूमि को नुकसान पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण करवाकर शमशान भूमि को सुरक्षित किया जाए। साथ ही मामले की जांच कर अवैध खनन कार्य तत्काल बंद कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जाए।
Author: AKSHAY OJHA
namasterajsthan



