Explore

Search

April 12, 2026 10:58 am


लेटेस्ट न्यूज़

मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र आमजन को समर्पित – सेवा, संवेदना, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सहयोग की नगर पालिका बिजौलिया की एक विधिसम्मत एवं जनकल्याणकारी पहल

Picture of Pankaj Garg

Pankaj Garg

सच्ची निष्पक्ष सटीक व निडर खबरों के लिए हमेशा प्रयासरत नमस्ते राजस्थान

बिजौलिया, बलवंत जैन। बिजौलिया नगर पालिका क्षेत्र में विधायक गोपाल लाल शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र को विधिवत रूप से आमजन को समर्पित किया गया। यह केंद्र नगर पालिका बिजौलिया की एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य समाज सेवा, पुनर्चक्रण, सुव्यवस्थित दान प्रबंधन तथा वास्तविक जरूरतमंद व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं उपयुक्त सहायता सुनिश्चित करना है। यह केंद्र दानदाता एवं जरूरतमंद के मध्य एक पारदर्शी, विश्वसनीय एवं उत्तरदायी तंत्र के रूप में कार्य करेगा। इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी पंकज कुमार मंगल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र की संकल्पना समाज में दान एवं सहायता को एक व्यवस्थित, उद्देश्यपूर्ण एवं प्रभावी स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित मकर संक्रांति के अवसर पर कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अनेक दानदाता सहायता प्रदान करने के इच्छुक होते हैं, परंतु उन्हें वास्तविक जरूरतमंद व्यक्ति एवं उसकी वास्तविक आवश्यकता की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाती। परिणामस्वरूप कई बार सहायता अपने उद्देश्य से भटक जाती है और न तो दान का पूर्ण लाभ प्राप्त हो पाता है और न ही जरूरतमंद को उसकी आवश्यकतानुसार सहायता मिल पाती है। उक्त समस्या के समाधान हेतु मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र की स्थापना की गई है। यह केंद्र जरूरतमंद व्यक्तियों की आवश्यकताओं का विधिवत सत्यापन कर उनका अभिलेख तैयार करेगा तथा दानदाताओं को प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराएगा। इससे दानदाता अपनी सहायता को सही दिशा में, सही उद्देश्य के लिए एवं सही व्यक्ति तक पहुँचाने में सक्षम होंगे तथा उन्हें इस बात का संतोष प्राप्त होगा कि उनका योगदान वास्तविक सामाजिक हित में उपयोग हो रहा है। मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आरआरआर घटक के अनुरूप भी कार्य करेगा। इसके अंतर्गत आमजन से उपयोग योग्य वस्तुएँ जैसे पुराने कपड़े, जूते, पुस्तकें, लेखन सामग्री, खिलौने, बिस्तर, कंबल, दवाइयाँ, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि संग्रहित कर उनका पुनः उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। इससे संसाधनों के कुशल उपयोग के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा एवं अनावश्यक कचरे में कमी आएगी। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र के अंतर्गत बर्तन बैंक की स्थापना भी की गई है। बर्तन बैंक का उद्देश्य डिस्पोजेबल बर्तनों के उपयोग से उत्पन्न होने वाले ठोस कचरे में कमी लाना तथा आमजन को डिस्पोजेबल बर्तनों पर होने वाले अनावश्यक आर्थिक व्यय से राहत प्रदान करना है। इसके माध्यम से सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक आयोजनों हेतु निःशुल्क अथवा न्यूनतम शुल्क पर बर्तन उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस अवसर पर विधायक गोपाल लाल शर्मा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दान एक पवित्र सामाजिक कर्तव्य है, परंतु उसका प्रभाव तभी सार्थक होता है जब वह सही आवश्यकता के अनुरूप एवं सही माध्यम से किया जाए। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि दान करने से पूर्व मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र के माध्यम से जरूरतमंद की वास्तविक आवश्यकता की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी जरूरतमंद सहायता से वंचित न रहे और दानदाता का योगदान पूर्णतः सार्थक सिद्ध हो। मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र केवल सामग्री वितरण तक सीमित न रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह सहायता एवं अन्य सामाजिक आवश्यकताओं के क्षेत्र में भी जरूरतमंदों को सहयोग प्रदान करेगा। यह केंद्र नगर पालिका क्षेत्र में सामाजिक उत्तरदायित्व, पारदर्शिता एवं संवेदनशील प्रशासन की एक सशक्त मिसाल के रूप में कार्य करेगा।

Author: AKSHAY OJHA

namasterajsthan

Ads
Live
Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर